
जयपुर, 09 जनवरी 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान ने झालावाड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री विष्णु चन्द गोयल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिवादी से बकाया बिल पास करने और परेशान नहीं करने के बदले एक आईफोन मोबाइल की मांग की थी।
एसीबी को परिवादी ने शिकायत दी थी कि हैंडपंप मरम्मत, पाइपलाइन लीकेज रिपेयरिंग और लेबर कॉन्ट्रैक्ट के कार्यों में अनावश्यक आपत्तियां लगाकर उसे परेशान किया जा रहा है तथा काम से हटाने की धमकी दी जा रही है। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांग की पुष्टि होने पर 09 जनवरी को ट्रैप कार्रवाई की गई।
ट्रैप के दौरान आरोपी को परिवादी से लगभग 84 हजार रुपये कीमत का आईफोन एक्सआर मोबाइल रिश्वत के रूप में स्वीकार करते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई एसीबी कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस के सुपरविजन और एसीबी झालावाड़ चौकी की टीम द्वारा की गई।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आवास की तलाशी ली जा रही है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।