जयपुर दक्षिण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: काले शीशे व मोडिफाईड वाहनों पर सख्त अभियान, 141 वाहन जब्त

जयपुर। यातायात नियमों की अवहेलना और अपराधों में प्रयुक्त होने वाले वाहनों पर नकेल कसने के लिए जयपुर दक्षिण पुलिस ने 29 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 तक विशेष अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त दक्षिण श्री राजर्षि राज, IPS ने किया। तीन दिनों तक चले इस सघन अभियान में कुल 141 वाहनों को एमवी एक्ट के तहत जब्त किया गया।

डीसीपी दक्षिण ने बताया कि हाल के दिनों में देखा गया है कि शहर में अपहरण, लूट जैसी वारदातों में अक्सर काली फिल्म लगे वाहन, जबकि चेन/मोबाइल स्नैचिंग जैसी घटनाओं में पावर बाइक और मोडिफाईड दुपहिया वाहनों का उपयोग किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष निगरानी और सख्ती बढ़ाई गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण श्री ललित शर्मा के सुपरविजन में मानसरोवर, सोडाला, अशोक नगर, चाकसू सहित पूरे जयपुर दक्षिण जिले में टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

अभियान में जब्त वाहनों का विवरण
33 काली थार वाहन जब्त
23 काली स्कॉर्पियो जब्त
44 अन्य काले शीशे लगे वाहन जब्त
26 पावर बाइक जब्त
15 मोडिफाई साइलेंसर लगी बाइक जब्त
कुल मिलाकर पुलिस ने 100 चौपहिया और 41 मोडिफाईड दुपहिया वाहन जब्त किए।

पुलिस का कहना है कि आगे भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे और यातायात नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी।