
जयपुर उत्तर के नाहरगढ़ रोड थाना पुलिस ने गढ़ गणेश मंदिर पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों से चोरी करने वाले शातिर नकबजन को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त जगदीश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, बैग, लेडीज पर्स, नोटबुक, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा आईपीएस ने बताया कि दिनांक 10 जनवरी 2026 को परिवादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 17 दिसंबर 2025 को गढ़ गणेश मंदिर, गैतोर की छतरियों में दर्शन के दौरान कार खड़ी कर बैग छोड़ा गया था। लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला और बैग चोरी हो चुका था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री बजरंग सिंह के निर्देशन व एसीपी कोतवाली श्री राजेन्द्र कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और आसूचना संकलन के आधार पर अभियुक्त को चिन्हित कर 11 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का आदी है और गढ़ गणेश मंदिर क्षेत्र में दर्शनार्थियों का सामान चोरी कर उसे बेचकर नशे व मौज-मस्ती में पैसे खर्च करता था। पुलिस अभियुक्त से अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है