
जयपुर दक्षिण के श्याम नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्मैक बेचते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18.15 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा आरपीएस ने बताया कि विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश के निर्देशों पर जयपुर शहर में बढ़ रही नशे की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी श्याम नगर दलबीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने सूचना के आधार पर सुंदर नगर-बी क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक सन्नी शर्मा (20) को दस्तयाब कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास एक प्लास्टिक की थैली में 18.15 ग्राम स्मैक मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी स्मैक की अवैध बिक्री में संलिप्त था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।