जयपुर

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच की सी.एस.टी. टीम ने शहरभर में अवैध रूप से संचालित नाइट क्लब और हुक्का बारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 मामलों में प्रकरण दर्ज किए। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश के निर्देशन में तथा डीसीपी क्राइम अभिजीत सिंह की नेतृत्व में की गई।
टीम ने मालवीय नगर, अशोक नगर, आमेर, चित्रकूट, वैशालीनगर, महेश नगर, नारायण विहार, शिप्रापथ, जवाहर सर्किल और एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक साथ दबिश दी। इन कार्रवाईयों में—
34 हुक्के, बड़ी मात्रा में तम्बाकू फ्लेवर व हुक्का सामग्री जप्त
16 व्यक्ति गिरफ्तार
20 कोटपा (COTPA) चालान जारी
10 प्रकरण दर्ज
कार्रवाई के दौरान ब्लैक हार्ट कैफे, द नाइट गार्डन, हब फोर्टी क्लब, यूडीबी कॉर्पोरेट टॉवर स्थित ऊडी रेस्टोरेंट, पाछा क्लब, जार्जा रेस्टोरेंट, कोलाबा कैफे, ओस्लो क्लब, स्काई बीच रेस्टोरेंट और आरई किचन एंड बार सहित कई स्थानों पर अवैध हुक्का बार संचालित पाए गए। हुक्का, चिलम, पाईप और तम्बाकू फ्लेवर की बड़ी मात्रा मौके से बरामद की गई।
सभी मामलों में संबंधित थानों में राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध अधिनियम 2000, COTPA 2003 तथा राजस्थान संशोधन अधिनियम 2019 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
सीएसटी की इस संयुक्त कार्रवाई ने शहर में चल रहे अवैध हुक्का बारों पर बड़ा प्रहार किया है।