जयपुर

जयपुर। थाना मुरलीपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देकर गाड़ी बदलकर फरार हुए चारों लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की पूरी राशि बरामद की है।
गिरोह के सरगना ने पीड़ित को जमीन विक्रय का झांसा देकर रुपये एकत्रित करवाए और सुनियोजित षड्यंत्र रचकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद लुटेरे पुलिस से बचने के लिए घटना में इस्तेमाल गाड़ी बदलकर दूसरी गाड़ी से फरार हो गए थे।
मुरलीपुरा थाना पुलिस ने तकनीकी व मुखबिर तंत्र के जरिए कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर चारों लुटेरों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी जयपुर पश्चिम हनुमान प्रसाद के निर्देशन और एसीपी व SHO मुरलीपुरा की टीम की सतर्कता से बड़ी वारदात का खुलासा संभव हुआ।