MARUDHARHIND NEWS

पुलिस थाना वैशालीनगर जयपुर (पश्चिम) की बड़ी कार्यवाही

दिनदहाड़े मकान में चोरी करने वाला शातिर चोर विजेन्द्र सिंह बापर्दा गिरफ्तार
जयपुर।
पुलिस थाना वैशालीनगर जयपुर (पश्चिम) ने दिनदहाड़े मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर विजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के विरुद्ध जयपुर शहर के विभिन्न थानों में चोरी के कई प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विजेन्द्र सिंह ने 23 दिसंबर 2025 को रणजीत नगर क्षेत्र में एक किराए के मकान को निशाना बनाया। परिवादिया जशोदा कंवर के घर उस समय कोई बड़ा व्यक्ति मौजूद नहीं था। आरोपी ने घर में मौजूद बच्चे को बहला-फुसलाकर दूध लेने बाहर भेज दिया और पीछे से आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया।
इस संबंध में पुलिस थाना वैशालीनगर पर प्रकरण संख्या 10/2026 धारा 305 (ए), 331 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद आईपीएस के निर्देश पर गठित टीम ने करीब 550 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद मोती नगर, मीणा वाला, शेखावत कॉलोनी निवासी विजेन्द्र सिंह को दस्तयाब कर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार किया गया है।
नशे का आदी, दिन-रात करता था रैकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और दिन व रात के समय मकानों की रैकी कर मौका देखकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
टीम का सराहनीय प्रयास
इस सफल कार्यवाही में पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक रतन लाल, हेड कांस्टेबल पर्वत सिंह, सुरेन्द्र सिंह, बीरबल, दीपचन्द, आशीष, अशोक और विनोद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी की गिरफ्तारी में सुरेन्द्र हैड कांस्टेबल, बीरबल कांस्टेबल, आशीष व दीपचन्द की विशेष भूमिका रही।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी के अन्य मामलों का खुलासा करने में जुटी हुई है।