रामगंज थाना जयपुर उत्तर की बड़ी कार्रवाई

बाल श्रमिकों से काम करवाने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

जयपुर, 14 अक्टूबर 2025 — पुलिस थाना रामगंज जयपुर उत्तर ने बालश्रम के मामले में फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद असलम पुत्र कल्लू (उम्र 28 वर्ष, निवासी रिछौला चौधरी, थाना नवाबगंज, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।

डीसीपी जयपुर उत्तर श्री करन शर्मा (IPS) ने बताया कि बालश्रम रोकथाम को लेकर जिले के सभी थानों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 10 मई 2025 को रामगंज क्षेत्र में एक कारखाने से 3 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया था। उस समय कारखाना मालिक मौके से फरार हो गया था।

मामले में मुकदमा संख्या 202/2025 धारा 143(5), 127(4), 146 BNS, 75 व 79 JJ Act, 2015 तथा 3/14 बालश्रम (प्रतिषेध) अधिनियम 1986 के तहत दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल DCP डॉ. दुर्ग सिंह राजपुरोहित (RPS) के सुपरविजन एवं ACP हरिशंकर शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी सुभाष चंद यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपी मोहम्मद असलम को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी से पुलिस को बालश्रम के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है।