जयपुर

जयपुर दक्षिण के श्याम नगर थाना पुलिस ने अपहरण कर स्कॉर्पियो लूटने वाली गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम आसीन खान उर्फ यासीन और राहुल मीणा हैं।
डीसीपी जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि आरोपियों ने परिवादी से स्कॉर्पियो कार छीनने के साथ-साथ उसे बंदूक दिखाकर 10 लाख रुपये फिरौती भी मांगी थी। पैसे न देने पर आरोपियों ने कार छीन ली और पीड़ित को हाईवे पर छोड़ धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
मामला 26 अगस्त 2025 का है, जब पीड़ित तुषार राजावत को आरोपियों ने जनपथ बुलाकर अपहरण कर लिया था। इस संबंध में श्याम नगर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया और गंभीरता से जांच करते हुए पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक व सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
- आसीन खान उर्फ यासीन (22) निवासी भरतपुर हाल कालवाड, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी व अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
- राहुल मीणा (22) निवासी कालवाड रोड, जयपुर पश्चिम।
पुलिस के अनुसार आरोपी आसीन खान के खिलाफ पहले से ही हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
श्याम नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में बड़ी वारदात करने वाली इस गैंग का पर्दाफाश हुआ है।