पर्यटन पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 05 अवैध गाइड (लपके) गिरफ्तार

जयपुर

जयपुर, 26 सितम्बर 2025।
देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुगम पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्यटन थाना आयुक्तालय जयपुर ने अवैध गाइड (लपकों) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। हवामहल, जलमहल और आमेर महल के आसपास डिकॉय ऑपरेशन चलाकर कुल 05 अवैध गाइडों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 02 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भिजवाया गया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा ने बताया कि जयपुर देशी-विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद है। आगामी त्यौहारों पर पर्यटकों की भारी आमद को देखते हुए उनकी सुरक्षा व सुविधाजनक भ्रमण व्यवस्था के लिए अवैध गाइड्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम उत्तर श्री दुर्ग सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त माणक चौक जयपुर उत्तर श्री पीयूष कविया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।

इसी के तहत उपनिरीक्षक हरिओम सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई और प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास डिकॉय ऑपरेशन कर कार्रवाई की गई। पकड़े गए लपकों पर राजस्थान पर्यटन व्यवसाय (सुकरकरण एवं विनियमन) अधिनियम 2010 (संशोधन 2021) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी –

  1. वीर सिंह पुत्र बीरबल, उम्र 33 वर्ष, निवासी जयसिंहपुरा बोर उत्तर जयपुर
  2. उमरदीन पुत्र मोहम्मद असरफ उर्फ शमशुदीन, उम्र 37 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, जयपुर पूर्व
  3. दिनेश पुत्र सीताराम, उम्र 24 वर्ष, निवासी जयसिंहपुरा खोर, जयपुर उत्तर
  4. रामफूल पुत्र रघुनाथ, उम्र 42 वर्ष, निवासी गांव शीशावास, थाना आमेर जयपुर उत्तर
  5. हनुमान सहाय पुत्र सुवालाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी हांडीपुरा आमेर, जयपुर

हेड कांस्टेबल भवानी सिंह, कांस्टेबल रामकिशन, प्रकाशचंद, रामकिशन, घनश्याम व रामफूल।

पर्यटन थाना पुलिस ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा और पर्यटन स्थलों पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गाइड्स (लपकों) के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।