गोविन्दगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, पोक्सो एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार

जयपुर ग्रामीण जिले के गोविन्दगढ़ थाना पुलिस को पोक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 02 माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा डूडी आईपीएस ने बताया कि दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को एक परिवादिया ने गोविन्दगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री स्कूल जाने के लिए निकली थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति अपहरण कर ले गया। इस पर थाना गोविन्दगढ़ में प्रकरण संख्या 368/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को 28 अक्टूबर 2025 को दस्तयाब कर सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया था। जांच में आरोपी मुकेश के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत अपराध प्रमाणित हुआ, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री रजनीश पूनियां एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त गोविन्दगढ़ श्री राजेश जांगिड के निर्देशन में तथा थानाधिकारी श्री विनोद सांखला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सूचना संकलन व तकनीकी सहायता से आरोपी को 28 दिसंबर 2025 को त्रिवेणी से डिटेन कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश पुत्र किलाण उर्फ कल्याण, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 12, दुदावास, थाना प्रागपुरा, जिला कोटपुतली-बहरोड़ के रूप में हुई है। मामले में आगे की विस्तृत जांच जारी है।