पुलिस थाना सामोद को बड़ी सफलता, 18 माह से फरार चोरी का आरोपी गिरफ्तार

जयपुर ग्रामीण। पुलिस थाना सामोद ने चोरी के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 माह से फरार चल रहे आरोपी केदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी 299 सीआरपीसी में फरार था।

पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा डूडी आईपीएस ने बताया कि 4 जून 2024 को परिवादी धर्मवीरसिंह नाथावत निवासी काकड़ वाली ढाणी, ईटावा भोपजी थाना सामोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच उनके कुएं पर बने रिहायशी मकान से बेटी की शादी का सामान, कपड़े, बर्तन, गहने एवं अन्य दहेज का सामान चोरी हो गया। शाम को घर लौटने पर सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले।

मामले में पहले ही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया जा चुका था तथा चोरी गए बर्तन बरामद किए गए थे। घटना के बाद से आरोपी केदार फरार चल रहा था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री रजनीश पूनियां एवं वृत्ताधिकारी गोविंदगढ़ श्री राजेश जांगिड़ के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी सामोद श्री गोपीचंद पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने आसूचना व तकनीकी सहायता से आरोपी केदार पुत्र रतन जाति बावरिया को चौमूं से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी केदार बागरिया (25) निवासी खेडा पालोला, थाना कोटिया शाहपुरा, जिला भीलवाड़ा हाल निवासी कालाडेरा है। मामले में अनुसंधान जारी है।