गलतागेट थाना पुलिस की बड़ी सफलता, शिकारी गैंग का 12 घंटे में खुलासा

रिपोर्टर जावेद गोरी

जयपुर।
पुलिस थाना गलतागेट ने चोरी की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा में सवार महिलाओं को निशाना बनाने वाली शिकारी गैंग का पर्दाफाश किया है। गैंग द्वारा महिलाओं को बातों में उलझाकर गले में पहना मंगलसूत्र चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर एक मुल्जिमा को गिरफ्तार कर चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।

दिनांक 06 जनवरी 2026 को परिवादिया श्रीमती गुड्डू कंवर (उम्र 26 वर्ष), निवासी जवाहर नगर कच्ची बस्ती, जयपुर, ने थाना गलतागेट में रिपोर्ट दर्ज करवाई। परिवादिया ने बताया कि वह अपनी सास के साथ गलतागेट चौराहा मंदिर के पास से एक बैटरी ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। उनके साथ तीन अन्य महिलाएं भी बैठी थीं, जिनमें दो महिलाएं साड़ी पहने थीं तथा एक 15-16 वर्ष की किशोरी सलवार-सूट में थी।
रिक्शा खोले के हनुमानजी के पास पहुंचा, तभी परिवादिया के गले में पहने मंगलसूत्र के मोती गिरने लगे। जांच करने पर पता चला कि मंगलसूत्र काट लिया गया है। उसी समय साथ बैठी महिलाएं घबराकर जल्दी-जल्दी रिक्शे से उतरकर फरार हो गईं। इस पर थाना गलतागेट में अभियोग संख्या 13/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करन शर्मा आईपीएस के निर्देशानुसार विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री नीरज पाठक एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री आदित्य पूनियां के निर्देशन में थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक श्री धर्म सिंह के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा मुखबिरों से सूचना एकत्र की गई। जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गैंग है, जो ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके आभूषण चोरी करती है।
आरोपी की गिरफ्तारी व बरामदगी
पुलिस ने शिकारी गैंग की सदस्य शिवानी शिकारी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने जैसी धातु का मंगलसूत्र बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल उसकी मौसी शीला की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्ता का विवरण
नाम: शिवानी शिकारी
पिता का नाम: श्री राजू शिकारी
उम्र: 19 वर्ष
निवासी: गोविंद वाटिका, दिल्ली बाईपास रोड, थाना गलतागेट, जयपुर
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी
इस सफल कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक धर्म सिंह, हेड कांस्टेबल मनोहर लाल, प्रदीप सिंह सहित महिला कांस्टेबल सहित कुल 8 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने राहत की सांस ली है।