जयपुर | शास्त्रीनगर थाना पुलिस की बड़ी सफलता

पुलिस थाना शास्त्रीनगर जयपुर उत्तर ने महिला की हत्या कर शव को कट्टे में भरकर ठिकाने लगाने वाले मास्टरमाइंड अभियुक्त को चंद घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। घटना 23 दिसंबर 2025 की है,
जब सुभाष कॉलोनी शास्त्रीनगर निवासी 70 वर्षीय मुन्नी देवी ने अपने घर के गलियारे में कट्टे में बंद लाश मिलने की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रकरण संख्या 403/2025 धारा 103(1), 238(क) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर मृतका की पहचान बबिता शर्मा के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू उर्फ राहुल (36) मृतका का परिचित था।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि पैसों के विवाद के चलते उसने 21 दिसंबर 2025 को अपने पुराने मकान में बबिता शर्मा की धारदार हथियार से गला व सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाकर रखा

और 23 दिसंबर की रात पड़ोसी के खुले मकान में कट्टे व कंबल में लपेटकर फेंक दिया। सबूत मिटाने के लिए उसने फर्श धोया और खून लगे कपड़े अमानीशाह नाले में फेंक दिए।

आरोपी हत्या के बाद घटनास्थल के आसपास घूमकर भीड़ में शामिल होकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

इस त्वरित खुलासे में शास्त्रीनगर थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें थानाधिकारी निरीक्षक हिम्मत सिंह के नेतृत्व में समस्त टीम शामिल रही। विशेष योगदान

कांस्टेबल मामराज (3603) का रहा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की शहरभर में सराहना की जा रही है।