
जयपुर दक्षिण के श्याम नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 साल से फरार चल रहे आरोपी रमेश मोरानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नरैना, जयपुर ग्रामीण में स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा RPS ने बताया कि वर्ष 2016 में परिवादी जगदीश प्रसाद शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी रमेश मोरानी ने 300 बीघा जमीन बेचने का झांसा देकर करीब 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया और फोन उठाना भी बंद कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार दबिशें दीं और तकनीकी विश्लेषण व पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आरोपी को दस्तयाब किया।
गिरफ्तार आरोपी रमेश मोरानी, निवासी राणीसती नगर, श्याम नगर थाना क्षेत्र का है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।