क्राइम ब्रांच आयुक्तालय जयपुर की सीएसटी टीम ने पुलिस थाना बजाज नगर के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुए अन्तर्राज्जीय मोबाइल चोरी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।

जयपुर

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये कीमत के 31 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें 7 आईफोन और 24 एंड्रॉइड मोबाइल शामिल हैं। आरोपी जयपुर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से मोबाइल चोरी व छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन, विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) श्री राहुल प्रकाश के निर्देशन, डीसीपी अपराध श्री अभिजीत सिंह के सुपरविजन तथा एडीसीपी (संगठित अपराध) श्रीमन लाल मीना के नेतृत्व में की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए मोबाइल संगठित गिरोह के माध्यम से बांग्लादेश भेजकर बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

इस मामले में थाना बजाज नगर जयपुर पूर्व में प्रकरण संख्या 496/2025 धारा 303(2), 304(2), 317(2), 112(2) बीएनएस 2023 के तहत केस दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज महतो और सेख सोबराती निवासी जिला साहेबगंज (झारखंड) के रूप में हुई है। कार्रवाई में सीएसटी, डीएसटी (पूर्व) और थाना बजाज नगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।