अधिवक्ताओं ने माल्यार्पण व साफा पहनाकर किया सम्मान
कोटपूतली।





अभिभाषक संघ कोटपूतली के तत्वावधान में उपखंड कार्यालय परिसर में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अन्यत्र स्थानांतरण होने पर उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार चौधरी को भावभीनी विदाई दी गई तथा नव नियुक्त उपखंड अधिकारी रामावतार मीणा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिभाषक संघ के अध्यक्ष उदय सिंह तवर ने की।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने दोनों अधिकारियों का माल्यार्पण, साफा पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। अधिवक्ताओं ने बताया कि पूर्व एसडीएम बृजेश कुमार चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान डेढ़ वर्ष तक कोटपूतली में उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाएं दीं और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने सरकार की योजनाओं को निचले वर्ग तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
अपने उद्बोधन में पूर्व एसडीएम बृजेश कुमार चौधरी ने कहा — “कोटपूतली में मेरा कार्यकाल यादगार रहा। यहां की जनता, अधिवक्ता और प्रशासनिक टीम का सहयोग मुझे सदैव याद रहेगा। यह सम्मान मेरे लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।”
वहीं नव नियुक्त एसडीएम रामावतार मीणा ने कहा — “कोटपूतली में सेवा करने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसेवा मेरी प्राथमिकता रहेगी। अधिवक्ता संघ सहित सभी वर्गों के सहयोग से विकास की गति को और तेज किया जाएगा।”
अभिभाषक संघ के अध्यक्ष उदय सिंह तवर ने कहा — “दोनों अधिकारी अपनी कार्यशैली और व्यवहार कुशलता के लिए सराहे जाते हैं। संघ को गर्व है कि कोटपूतली को ऐसे कर्मठ अधिकारी मिले हैं।” इस अवसर पर कोटपूतली तहसीलदार रामधन गुर्जर सहित कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
REPORT- SEETARAM GUPTA KOTPUTLI





