मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना, राजस्थान में ईपीआईपी औद्योगिक क्षेत्र के पीछे स्थित बिचपुरी गांव में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें तीन गरीब किसानों की करीब 300 मन कड़बी जलकर राख हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के खेतों में भी फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया।

दमकल दल ने समय रहते आग पर काबू पाया
नीमराना फायर स्टेशन प्रभारी मेघराज यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर सूखी घास या किसी चिंगारी से भड़कना बताया जा रहा है।

पशुपालन पर निर्भर किसानों को भारी नुकसान
किसान रमेश, सुभाष पुत्र बलवीर तथा लालचंद पुत्र रामकुमार मेघवाल ने बताया कि उन्होंने लगभग 15 ट्रैक्टर ट्रॉली कड़बी जमा की थी, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। किसानों ने कहा कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती तो आसपास के अन्य किसानों की कड़बी भी आग की चपेट में आ जाती। तीनों किसान गरीब तबके से हैं और पशुपालन के सहारे आजीविका चलाते हैं। इस आग से उन्हें भारी नुकसान हुआ है तथा अब पशुओं के लिए चारे की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
प्रशासन ने शुरू की जांच, किसानों ने मांगी आर्थिक सहायता
किसानों ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही नीमराना थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने दमकलकर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।





