जयपुर

जयपुर। पुलिस थाना करधनी की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए धोखाधड़ी कर 47 लाख 50 हजार रुपये का माल हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि परिवादी किशन पडलिया ने रिपोर्ट दी थी कि उसकी फर्म डीएन पोलीपैक इंडस्ट्रियल पैकिंग स्ट्रेप का उत्पादन करती है। आरोपी ने खुद को खरीदार बताकर करीब 25 लाख रुपये का माल लिया, जिसमें से केवल 8.5 लाख का ही भुगतान किया। बाद में जून 2025 में 31 लाख रुपये का और माल मंगवाकर गायब हो गया।
शिकायत पर करधनी थाने में मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार दबिश देते हुए घटना का मुख्य सरगना राहुल हरितवाल (35), निवासी उत्तर 24 परगना, कलकत्ता को जयपुर से दबोच लिया। आरोपी के गोदाम से हड़पा गया माल भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फर्जी फर्म और झूठे चेक के जरिए लोगों को धोखा देकर लाखों का माल हड़प रहा था। मामले की गहन जांच जारी है।