आदर्श कला रंगमंच तालाब परिसर नीमराना में वर्षों से चली आ रही रामलीला की परंपरा का 54वां मंचन इस वर्ष शनिवार 20 सितंबर से शुरू होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 8 बजे क्षेत्र के संतों के आशीर्वाद के साथ किया जाएगा। रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 12 बजे तक होगा।
2 अक्टूबर को दशहरा मेला कार्यक्रम विशेष रूप से दोपहर 3 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। वहीं 3 अक्टूबर को भगवान श्रीराम की शोभायात्रा एवं राजतिलक की लीला के साथ रामलीला का समापन होगा। शुक्रवार शाम तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया।
नीमराना कस्बे में बरसों से चली आ रही इस परंपरा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। बुजुर्ग हों या युवा, सभी श्रद्धा और भक्ति भाव से रामायण के आदर्शों को आत्मसात करने के लिए रामलीला का मंचन देखने पहुंचते हैं।
इस बार भी रामलीला मंचन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम साबित होगा। रामलीला का मंचन न केवल धार्मिक भावनाओं को बढ़ावा देता है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित करता है।






