हरमाडा पुलिस ने नकद रुपये और मोबाइल चुराने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

जयपुर

जयपुर। हरमाडा पुलिस ने नकद रुपये और मोबाइल चोरी के मामले में एक शातिर आरोपी अनुभव तिवारी (19) निवासी कानपुर, हाल पंचमुखी हनुमान मंदिर जयरामपुरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद और चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया गया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम हनुमान प्रसाद IPS ने बताया कि फरियादी विष्णुदास ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि मंदिर में पूजा पाठ के लिए रखे गये अनुभव तिवारी ने 2.05 लाख रुपये और मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के 30-40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस ने लगातार प्रयास कर आरोपी को न्यू लोहा मंडी क्षेत्र से 24 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मंदिर में ही पूजा-पाठ करता था और वहीं रह रहा था। मंदिर में रखे चढ़ावे के पैसों और मोबाइल को देखकर उसके मन में लालच आ गया और वह रुपये चोरी कर अपने शौक व मौज-मस्ती के लिए ले भागा।

गिरफ्तारी में थानाधिकारी उदयसिंह, हैड कांस्टेबल निरंजन सिंह और कांस्टेबल भैसराम की भूमिका महत्वपूर्ण रही।