
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर बदमाशों ने किन्नर समाज की गुरु मधु शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय वह अपनी टीम के साथ बधाई लेने गई हुई थीं। अचानक बदमाशों ने उन पर सीधा फायर कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर अवस्था में उन्हें नजदीकी सचखंड अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को नीमराना सीएचसी की मोर्चरी में रखा गया है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में किन्नर महिलाएँ सीएचसी गेट पर पहुँचकर धरने पर बैठ गईं। माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते शाहजहांपुर और नीमराना पुलिस बल तैनात किया गया।

डीएसपी सचिन शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे और किन्नर महिलाओं को समझाइश देते हुए हालात काबू में करने का प्रयास किया। वहीं, पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है।
गुरु मधु शर्मा सिर्फ बधाई लेने तक ही सीमित नहीं थीं, बल्कि समाज सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाती थीं। उन्होंने बधाई राशि से क्षेत्र में वाटर कूलर लगवाए, गौशालाओं को सहयोग दिया, अनाथ बच्चों को गोद लेकर पालन-पोषण किया और गरीब बच्चियों की पढ़ाई का खर्च भी उठाया। उनकी निस्वार्थ सेवा ने उन्हें क्षेत्र में एक सम्मानित और लोकप्रिय व्यक्तित्व बनाया था।





