चार पहिया वाहनों में अवैध गैस रिफलिंग गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। पुलिस थाना करधनी, जयपुर पश्चिम की टीम ने चार पहिया वाहनों में अवैध रूप से गैस रिफलिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 गैस रिफलिंग मोटर और 2 कार जब्त की हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री हनुमान प्रसाद ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राजेश गुप्ता के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त झोटवाड़ा श्री आलोक सैनी के सुपरवीजन में थानाधिकारी करधनी श्री सवाई सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

टीम को सूचना मिली कि ऑफिसर एन्क्लेव, श्रीराम सर्किल के पास स्थित डिम्पल कार सर्विस सेंटर पर घरेलू गैस सिलेंडरों से मोटरों की सहायता से कारों में अवैध गैस रिफलिंग की जा रही है। सूचना पर रसद विभाग को अवगत कराते हुए संयुक्त कार्रवाई की गई।

मौके से रोहित सिंह राठौड़, रवि कुमार और दिनेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 12 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 रिफलिंग मोटर और 2 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।