साईबर पुलिस थाना जयपुर की पहल – दीपावली पर लौटाए 70 गुमशुदा मोबाईल, पिड़ितों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

जयपुर। दीपावली के मौके पर साईबर पुलिस थाना आयुक्तालय जयपुर ने “ऑपरेशन मुस्कान मोबाईल” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से चोरी व गुम हुए 70 मोबाईल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए। बरामद मोबाईलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी श्री सोनचन्द वर्मा आरपीएस के नेतृत्व में की गई। अभियान में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण व दूरसंचार विभाग से मिली जानकारी के आधार पर राजस्थान व अन्य राज्यों से मोबाईल ट्रेस कर बरामद किए।

बरामद मोबाइल विभिन्न वर्गों — बुजुर्गों, महिलाओं, मजदूरों, विद्यार्थियों और सरकारी व निजी कर्मचारियों — के थे। अपने फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर फिर से खुशी लौट आई।

इस कार्रवाई में कानि. दिनेश कुमार और कानि. रविन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही, जबकि टीम में सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश, हेड कानि. जगदीश प्रसाद, कानि. सुरेश कुमार, संदीप कुमार, भूपसिंह, रविन्द्र कुमार और दिनेश कुमार शामिल रहे।

साईबर पुलिस थाना जयपुर ने बताया कि “ऑपरेशन मुस्कान मोबाईल” अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके गुमशुदा मोबाईल वापस मिल सकें।

मोबाईल गुम हो जानें पर सबसे पहले नजदीकी सिम रिटेलर से सिम बंद करवाये व राजस्थान पुलिस की वेबसाईट www.rajasthan.police.com पर लोस्ट आर्टीकल पर जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट करवायें उसके बाद CEIR पोर्टल https://www.ceir.gov.in पर जाकर दोनों IMEI नम्बर ब्लॉक करवाये।