जयपुर में अन्तर्राज्जीय मोबाइल चोरी गैंग का पर्दाफाश, 22 लाख के 31 महंगे मोबाइल बरामद

जयपुर। क्राइम ब्रांच आयुक्तालय जयपुर की सीएसटी टीम ने पुलिस थाना बजाज नगर के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुए अन्तर्राज्जीय मोबाइल चोरी गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गैंग के 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये कीमत के 31 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें 7 आईफोन और 24 एंड्रॉइड मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन एवं विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) श्री राहुल प्रकाश के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई। डीसीपी अपराध श्री अभिजीत सिंह के सुपरविजन एवं एडीसीपी (संगठित अपराध) श्रीमन लाल मीना के नेतृत्व में सीएसटी टीम ने लगातार आसूचना संकलन कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
दिनांक 17 दिसंबर 2025 को सूचना मिली कि कुछ आरोपी बाहरी राज्यों से आकर जयपुर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर मोबाइल छीनने व चोरी करने की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस पर सीएसटी, डीएसटी (पूर्व) और थाना बजाज नगर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी व छीने गए मोबाइल संगठित गिरोह के माध्यम से बांगलादेश में बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में पहले से भी कई प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
इस संबंध में थाना बजाज नगर जयपुर पूर्व में प्रकरण संख्या 496/2025 धारा 303(2), 304(2), 317(2), 112(2) बीएनएस 2023 में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज महतो एवं सेख सोबराती निवासी जिला साहेबगंज (झारखंड) शामिल हैं, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। कार्यवाही में सीएसटी, डीएसटी पूर्व और थाना बजाज नगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।