
पुलिस थाना जयसिंहपुरा खोर, जयपुर उत्तर क्षेत्र में ई-मित्र कलेक्शन कर्मचारी से करीब 5 लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर श्री करण शर्मा (IPS) ने बताया कि दिनांक 29 दिसंबर 2025 को सुपर बाजार के पास ई-मित्र कलेक्शन कर्मचारी मोटरसाइकिल से रुपये लेकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश हेलमेट लगाकर आए और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना जयसिंहपुरा खोर में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, तकनीकी जांच और आसूचना संकलन किया। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। आरोपी वारदात के बाद अलग-अलग स्थानों पर छिपते हुए मध्यप्रदेश के उज्जैन पहुंचे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से रैकी कर ई-मित्र कलेक्शन कर्मचारी की आवाजाही और समय की जानकारी जुटाई थी। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है और लूट की राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में हुई बड़ी लूट की वारदात का पर्दाफाश हो सका