जयपुर

जयपुर। सी.एस.टी. (क्राइम ब्रांच) आयुक्तालय जयपुर और पुलिस थाना मालपुरागेट की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ तस्कर प्रदीप सांसी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से 11.90 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन और एडीसीपी संगठित अपराध रिछपाल सिंह के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में सीएसटी और थाना मालपुरागेट की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से भीलवाड़ा का रहने वाला है और फिलहाल जयपुर के जैन नसियां रोड पर किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी स्मैक को एक-एक ग्राम की पुड़िया बनाकर इलाके में आने-जाने वाले ग्राहकों को बेचता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने स्मैक जैन नसियां रोड पर किसी व्यक्ति से खरीदी थी। इस सप्लायर की तलाश में पुलिस जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना मालपुरागेट में प्रकरण संख्या 377/2025, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में सीएसटी टीम के रामकिशन, रामदयाल, आयेश दूबे व थाना मालपुरागेट पुलिस के सुखराम (उपनिरीक्षक), योगराज, करण व महिला कांस्टेबल टीना सहित पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।