जयपुर दक्षिण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला से झपटमारी का खुलासा

रिपोर्टर जावेद गोरी

जयपुर दक्षिण जिले के कोटखावदा थाना क्षेत्र में सुनसान जगह पर महिला के गले से सोने का जंतर (मंगलसूत्र) छीनकर फरार होने वाले मुख्य अभियुक्त सहित एक बाल अपचारी को पुलिस ने निरुद्ध किया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और करीब आधा तोला सोने का जंतर भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण श्री राजर्षि राज आईपीएस ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू श्री भवानीसिंह RPS के सुपरविजन में थानाधिकारी कोटखावदा श्री भरतलाल महर के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

घटना 9 दिसंबर 2025 की है, जब भगवतसर कांकरिया निवासी 55 वर्षीय महिला सूजादेवी जंगल में बकरियां चराने गई थी। इसी दौरान तलाई भैरूजी के पास मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर गले से सोने का जंतर तोड़ लिया। इस संबंध में थाना कोटखावदा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर 14 दिसंबर 2025 को मुख्य अभियुक्त महेन्द्र मीणा (22) निवासी महेशपुरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने एक किशोर के साथ वारदात करना स्वीकार किया, जिसके बाद किशोर को भी निरुद्ध कर लिया गया। दोनों की निशानदेही पर लूटा गया जंतर और मोटरसाइकिल बरामद की गई। किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि मुख्य अभियुक्त से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

इस कार्रवाई में कोटखावदा थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।