जवाहर नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई – नौकरानी ने ही कर दी मालिक के घर से 30 लाख के गहनों की चोरी का खुलासा

जयपुर

जयपुर, 06 अक्टूबर। पुलिस थाना जवाहर नगर, जयपुर पूर्व ने नौकरानी द्वारा की गई लाखों की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए विश्वासपात्र नौकरानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

डीसीपी जयपुर पूर्व संजीव नैन (IPS) ने बताया कि थाना जवाहर नगर में दर्ज प्रकरण संख्या 236/2025 में चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए एसीपी आदर्शनगर लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

मामले का विवरण
श्रीमती मधू माधोगढ़िया निवासी मोनिलेक मार्ग, जवाहर नगर ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी तबीयत खराब रहने के दौरान घर पर दो नर्सिंग स्टाफ रखी थीं। उन्हीं में से एक नौकरानी बुलबुल कंवर को आलमारी की चाबियां दी गई थीं। कुछ दिनों बाद जब उसने घर छोड़ने की जल्दी दिखाई तो शक हुआ। जांच करने पर आलमारी से करीब 320 ग्राम सोने के जेवरात — तीन सोने की चैन और एक सेट लॉकिट मय टॉप्स — गायब मिले।

पुलिस की कार्रवाई
जवाहर नगर पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान नौकरानी बुलबुल कंवर से गहन पूछताछ की। आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी सोने के जेवरात बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी
बुलबुल कंवर पुत्री नाथू सिंह (उम्र 21 वर्ष) निवासी सोलावता, थाना नरैना, जिला जयपुर ग्रामीण — वर्तमान में श्री निर्मल कुमार माधोगढ़िया के घर, जवाहर नगर में नौकरानी के रूप में कार्यरत थी।

टीम में शामिल अधिकारी

महेश चंद्र गुर्जर, थानाधिकारी, जवाहर नगर

रामनिवास, हैड कॉन्स्टेबल

मुकेश कुमार, कॉन्स्टेबल

श्रीमती केशंता, महिला कॉन्स्टेबल

पुलिस के अनुसार, नौकरानी ने पहले अन्य नौकरानियों पर चोरी का आरोप लगाकर मालिक को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन टीम की सतर्कता से पूरा मामला खुल गया। मामले में आगे की जांच जारी है।