
- ऑपरेशन हंता के तहत व्याख्याता नीतू गुर्जर हत्याकांड का आरोपी संतोष गुर्जर को आंध्र प्रदेश में पकड़ा
जयपुर 13 सितंबर। करौली जिला पुलिस ने ऑपरेशन हंता के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 2018 के बहुचर्चित व्याख्याता नीतू गुर्जर हत्याकांड के मुख्य आरोपी संतोष गुर्जर पुत्र सुमर सिंह (32) निवासी जगदीशपुरा थाना नई मंडी हिंडौन को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले 7 साल से फरार चल रहे इस बदमाश पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के विशेष निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। संतोष गुर्जर गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह तमिलनाडु, तेलंगाना, और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में अपनी पहचान छुपाकर मजदूरी कर रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित थुल्लूरू गांव में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और उसे पकड़ने के लिए रवाना हो गई।
जैसे ही पुलिस टीम थुल्लूरू गांव पहुंची, आरोपी संतोष गुर्जर पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने करीब एक किलोमीटर तक उसका पीछा किया और बहादुरी दिखाते हुए उसे धर दबोचा। संतोष गुर्जर पर पुलिस महानिरीक्षक, भरतपुर रेंज द्वारा 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। उसे अब टोडाभीम पुलिस को सौंपा जाएगा, जहां इस मामले में आगे की जांच की जाएगी।
घटना का विवरण
यह मामला 14 नवंबर 2018 का है, जब व्याख्याता नीतू गुर्जर अपने भाई लोकेश के साथ मोटरसाइकिल पर जा रही थीं। एक स्कॉर्पियो कार ने जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान नीतू गुर्जर की मौत हो गई। जांच में खुलासा हुआ कि यह एक दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। मुख्य आरोपी नीरज गुर्जर ने नीतू गुर्जर द्वारा उसके भाई से शादी करने से मना करने के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद सामाजिक संगठनों और लोगों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए थे, जिससे यह मामला सुर्खियों में आ गया था।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी थाना मासलपुर नीरज कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह, कांस्टेबल राजेश कुमार, रविन्द्र सिंह बृजेश सिंह और जयवीर सिंह शामिल थे। हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह और कांस्टेबल राजेश कुमार ने विशेष भूमिका निभाते हुए आरोपी की सटीक जानकारी जुटाई।
————–