मोती डूंगरी थाना क्षेत्र में लूट का खुलासा, पुलिसकर्मी सहित दो गिरफ्तार

जयपुर। पुलिस थाना मोती डूंगरी जयपुर पूर्व ने लूट की एक गंभीर वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल और ई-आर-112 पुलिस वाहन के प्राइवेट चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की गई कुल 1 लाख 95 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवादी फैजान कुरैशी ने थाना मोती डूंगरी में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 13 जनवरी 2026 की रात करीब 12 बजे वह अपने साथी के साथ जगतपुरा से चिकन का भुगतान लेकर घर लौट रहा था। भौमिया जी की छतरी के पास एक 112 पुलिस वाहन ने उन्हें रोका। वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी और चालक ने तलाशी के नाम पर उनसे करीब दो लाख रुपये छीन लिए, मोबाइल फोन जब्त कर मारपीट की और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर भगा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को तुरंत अवगत कराया गया। निर्देशों के बाद अभियोग संख्या 05/26 धारा 115(2), 126(2), 308(2), 309(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस लाइन में पदस्थापित कांस्टेबल शुभम मीणा और 112 वाहन के प्राइवेट चालक सुरेंद्र शर्मा को डिटेन कर पूछताछ की गई। प्रथम दृष्टया संलिप्तता प्रमाणित होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और पीड़ितों से लूटी गई राशि बरामद की गई।
आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय दुराचार रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अवैध आचरण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है और कानून सभी के लिए समान है।