साइबर ठगी के मामले में थाना बजाज नगर की बड़ी कार्रवाई

जयपुर, 5 जनवरी 2026।
साइबर शील्ड अभियान के तहत थाना बजाज नगर पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी में लिप्त तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 58 एटीएम कार्ड, 18 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 19 सिम कार्ड, 1 सीसीटीवी कैमरा, 2 पासबुक और 2 चेकबुक बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन (IPS) के सुपरविजन में गठित टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर न्यू सांगानेर रोड स्थित राधा विहार कॉलोनी में दबिश दी। मौके पर तीन युवक ऑनलाइन काम करते मिले, जिनके पास बड़ी मात्रा में संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा देकर साइबर ठगी करना स्वीकार किया। इनके बैंक खातों से उत्तर प्रदेश, हरियाणा और गुजरात सहित अन्य राज्यों में ठगी की शिकायतें दर्ज होना सामने आया है।
पकड़े गए आरोपियों में दिनेश गवरानी, नितिन कुमार और आर्यन सैनी शामिल हैं। मामला थाना महेश नगर क्षेत्र का होने के कारण तीनों आरोपियों व बरामद सामान को आगे की कार्रवाई हेतु थाना महेश नगर जयपुर दक्षिण को सुपुर्द किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और मुख्य सरगना की तलाश में जुटी हुई है।