
जयपुर।
थानाधिकारी पुलिस थाना श्याम नगर एवं जिला स्पेशल टीम जयपुर दक्षिण द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक फ्लैट पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस कार्यवाही में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तारशुदा अभियुक्त सुखदेव (26 वर्ष) के कब्जे से
12 ग्राम MDMA, 1.207 किलोग्राम चरस, 1.171 किलोग्राम अफीम तथा 03 इलेक्ट्रॉनिक कांटे बरामद किए हैं। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.37 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण श्री राजर्षि राज, आईपीएस ने बताया कि जयपुर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु यह कार्यवाही की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला श्री सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया था।
दिनांक 11.01.2026 को जिला विशेष शाखा जयपुर दक्षिण के कांस्टेबल श्री संदीप से प्राप्त सूचना पर आरोपी को फ्लैट नंबर 202, स्प्रिंग स्टे पीजी के पास, थाना श्याम नगर क्षेत्र से दस्तयाब किया गया। जांच में आरोपी द्वारा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करना पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/18, 8/20, 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लाता था और किन-किन लोगों तक सप्लाई करता था।