
अवैध शराब खुर्द-बुर्द के शक में हत्या, तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश
जयपुर, 26 नवंबर।
बाड़मेर पुलिस ने पेमाराम भील की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मुख्य आरोपियों — घेवरचंद विश्नोई (निवासी बूल, धोरीमना) और अनिल कुमार विश्नोई (निवासी विष्णु नगर, जालोर) — को अहमदाबाद (गुजरात) से गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य के नेतृत्व में की गई।
अवैध शराब बेचने के शक में हत्या
जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर मुकेश कुमार भील और खलासी पेमाराम भील के साथ ट्रक में लदी अवैध शराब की बिक्री (खुर्द-बुर्द) को लेकर विवाद हुआ। दोनों पर बेरहमी से हमला किया गया और गंभीर रूप से पीटने के बाद हाईवे किनारे फेंक दिया गया।
इलाज के दौरान पेमाराम की मौत हो गई। इसके बाद मामले में हत्या और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ में पता चला कि आरोपी चंडीगढ़ से शराब लाकर राजकोट और अहमदाबाद में सप्लाई करते थे। यह नेटवर्क काफी बड़ा और संगठित था, जिसमें शामिल हैं—
अनिल विश्नोई – मुख्य सप्लायर, जालोर
मनोहर विश्नोई – जालोर का तस्कर
भालूराम विश्नोई – चंडीगढ़ में शराब लोड करवाने वाला
राजूभाई (राजकोट) और लालभाई (अहमदाबाद) – गुजरात में सप्लायर
अन्य सहयोगी: रमेश विश्नोई, लक्ष्मण भारती, ओमप्रकाश विश्नोई
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के लिए विशेष टीम लगाई गई थी, जिसने कम समय में मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर नेटवर्क का खुलासा किया।