अलवर के उद्योग नगर में रुपए के विवाद में हुई हत्या, 02 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

  • ढाबा संचालक सहित दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, अन्य की तलाश जारी

जयपुर 11 अक्टूबर। जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में विगत दिनों हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों ढाबा संचालक मुनफेद मेव पुत्र ईशाक (38) निवासी देसूला और अजरूदीन मेव पुत्र अशरफ खान (37) निवासी बख्तल की चौकी थाना उद्योग नगर को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि
09 अक्टूबर की रात बख्तल की चौकी पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक करण मल्होत्रा की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ जांच शुरू की।
थानाधिकारी मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच में पाया कि यह वारदात परिवादी चिंटू मल्होत्रा और ढाबा संचालक मुनफेद के बीच रुपए के लेन-देन को लेकर शुरू हुई थी। मुनफेद और उसके साथियों ने लाठी, फरसी और लोहे की रॉड से घटना के रोज चिंटू और उसके भाई करण पर जानलेवा हमला किया था।
जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ त्वरित कार्रवाई कर आरोपी मुनफेद और उसके साथी अजरूदीन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
—————