
- अंतर्राज्यीय गैंग का सक्रिय सदस्य है आरोपी, दिनदहाड़े हुई 30 लाख की चोरी की वारदात का खुलासा, जयपुर सहित कई जिलों की वारदातें खुलने की संभावना
जयपुर 12 नवंबर। नागौर एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मेड़तासिटी थाना पुलिस और डीएसटी मेड़ता की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय बावरिया गैंग के शातिर सदस्य और ₹15,000 के इनामी आरोपी मूलचंद उर्फ मूल्या को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी कच्छावा ने बताया कि 11 अप्रैल को ग्राम कुरडाया में एक मकान के ताले तोड़कर चोरी की गई थी। पीड़ित परमा देवी के अनुसार चोर दिन के समय उनके घर से लगभग 30 लाख कीमत का 30 तोला सोना, 900 ग्राम चांदी के आभूषण और ₹1.50 लाख की नकदी चुरा ले गए थे। इस प्रकरण में पूर्व में भी गैंग के तीन अन्य सदस्य नन्दाराम, हंसराज, और शेरू को गिरफ्तार किया जा चुका है।
शातिर गैंग का तरीका-ए-वारदात
गिरफ्तार आरोपी मूलचंद उर्फ मूल्या पुत्र रामदेव बावरिया निवासी फुलेरा जयपुर गैंग का एक मुख्य सदस्य है। यह गैंग छोटी गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दिन के समय सुनसान या मुख्य सड़क के पास के मकानों की रैकी करती है। रैकी के बाद 10-12 सदस्यों की यह गैंग दिन में ही वारदात को अंजाम देती है। चोरी के दौरान 2-3 सदस्य घर के अंदर घुसते हैं, जबकि बाकी बाहर निगरानी करते हैं और अपने बचाव के लिए गिलोल, पत्थर, और डंडे साथ रखते हैं।
गिरफ्तार आरोपी मूलचंद उर्फ मूल्या का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है, जिसमें लूट, डकैती और यौन उत्पीड़न (पोक्सो एक्ट) जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस शातिर अपराधी की गिरफ्तारी से नागौर, डीडवाना, जयपुर और आसपास के जिलों में हुई चोरी और नकबजनी की कई अन्य वारदातों का खुलासा हो सकेगा। इस सफलता में थानाधिकारी धर्मेश दायमा सहित डीएसटी और फुलेरा पुलिस टीम के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
————