प्रेस नोट


जयपुर, 2 अक्टूबर, बुधवार। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. जयपुर ग्रामीण इकाई द्वारा आज फुलेरा जयपुर में कार्यवाही करते हुये श्री चंद्र प्रकाश यादव पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी,थाना फुलेरा एवं श्री हैप्पी माथुर (प्राइवेट व्यक्ति) को 50 हज़ार रूपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ए.सी.बी. जयपुर ग्रामीण को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के भाई को साइबर क्राइम की शिकायत में गिरफ्तार नहीं करने एवं मामला रफा दफा करने के लिए पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी,थाना फुलेरा द्वारा अपने दलाल श्री हैप्पी माथुर (सीएलजी मेंबर एवं मोबाइल शॉप मालिक) द्वारा 70 हज़ार रूपये की मांग कर परेशान किया जा रहा है।
जिस पर एसीबी जयपुर के श्री राजेश सिंह उप महानिरीक्षक के सुपरवीजन में ए.सी.बी. जयपुर ग्रामीण के श्री सुनील कुमार सिहाग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आज श्री राजकुमार शर्मा पुलिस निरीक्षक द्वारा मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी श्री चंद्र प्रकाश यादव पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी,थाना फुलेरा एवं दलाल श्री हैप्पी माथुर को 50 हज़ार रूपये रिश्वत राशि लेते गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी दलाल हैप्पी माथुर द्वारा 20 हज़ार रूपये रिश्वत के रूप में पूर्व में ही वसूल कर लिये थे।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक पुलिस, जयपुर श्री राजेश सिंह के सुपरवीजन में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।