पुलिस थाना सामोद को बड़ी सफलता हाथ लगी है।जानलेवा हमले के एक गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे अभियुक्त साहिल उर्फ शेरा उर्फ चिन्कु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त XCENT कार को भी जब्त किया गया है। इससे पूर्व इस मामले में पुलिस दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।


पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा डूडी (आईपीएस) ने बताया कि दिनांक 16 नवम्बर 2025 को कानपुरा घाटी क्षेत्र में पीड़ित जितेन्द्र यादव पर छह आरोपियों ने मिलकर जानलेवा हमला किया था। आरोपियों ने वर्ना और पिकअप वाहन से रास्ता रोककर सरियों से हमला किया, वाहन में तोड़फोड़ की तथा पीड़ित से सोने की चैन और 15 हजार रुपये नकद लूट लिए। हमले के बाद आरोपियों ने पीड़ित को पेट्रोल डालकर जलाने का भी प्रयास किया और मृत समझकर फरार हो गए।

घटना के संबंध में थाना सामोद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूर्व में नरेन्द्र सिंह उर्फ नन्दू और ऋषभ शर्मा उर्फ गोलू पंडित को गिरफ्तार किया जा चुका था। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी सहायता व आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने 11 दिसंबर 2025 को जयपुर से अभियुक्त साहिल को डिटेन कर बाद में गिरफ्तार किया।