बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, निकाला गया जुलूस

मरुधर हिंदन्यूज (रमेशचंद्र)नीमराना उपखंड में ग्राम पंचायत कुतीना के कांकर गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों की ओर से विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया गया।


कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य सत्यवान यादव व स्थानीय सरपंच रविन्द्र यादव की उपस्थिति में टॉपर विद्यार्थियों को खुले वाहन में बैठाकर गांव में सफलता जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से न सिर्फ मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया, बल्कि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर रवि कुमार, पोहप सिंह, हरकेश प्रजापत, कमल सिंह, देवेंद्र सिंह, अतर सिंह, बलबीर सिंह, उदयवीर मेघवाल, रणजीत सिंह, सुभाषचंद यादव, योगेन्द्र यादव, पूनम यादव, मुकेश कुमार, पूजा लांबा, श्यामलाल यादव, सूर्यप्रकाश, महेन्द्र सिंह व राजेश यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


विद्यालय प्रांगण तालियों से गूंज उठा जब छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गांव के छात्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और टॉपर विद्यार्थियों को समाज के समक्ष रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना था।