
जयपुर। पुलिस थाना श्याम नगर, जयपुर दक्षिण ने न्यू ईयर की पार्टी के दौरान मारपीट कर सोने की चैन तोड़ने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण श्री राजर्षि राज आईपीएस ने बताया कि दिनांक 31 दिसंबर 2025 की रात होटल माई-स्टे गुर्जर की थड़ी (कटेवा नगर) के रूफटॉप पर आयोजित पार्टी के दौरान शराब के नशे में कुछ युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दो युवकों की सोने की चैन तोड़कर फरार हो गए।
इस संबंध में परिवादी श्री तुषार पिडेल निवासी नागौर द्वारा पुलिस थाना श्याम नगर में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, जिस पर प्रकरण संख्या 07/2026 धारा 307 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
विकास माल (27), निवासी अलवर
कालूराम (28), निवासी दौसा
सुंदर सिंह (30), निवासी रैवासा
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण में अनुसंधान किया जा रहा है।