राजपूत समाज की एकता और शिक्षा को समर्पित हुआ क्षत्रिय महासभा का क्षेत्रीय सम्मेलन— कोटपूतली-बहरोड़ जिले में हुआ भव्य आयोजन, महारानी पद्मावती महाविद्यालय की नींव की घोषणा, समाज की भागीदारी और संगठन पर जोर

कोटपूतली, 13 जुलाई 2025

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, जिला कोटपूतली-बहरोड़ का क्षेत्रीय सम्मेलन रविवार को उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में जिले भर से राजपूत समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और समाज की एकजुटता, शिक्षा तथा संगठनात्मक विकास को लेकर महत्वपूर्ण विचार साझा किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कुंवर जगेन्द्र सिंह मंढोली ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. हरेन्द्र राणा उपस्थित रहे। उन्होंने महासभा के ऐतिहासिक योगदान और देशभर में चल रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। साथ ही यह महत्वपूर्ण घोषणा की कि हरियाणा के पलवल जिले में “महारानी पद्मावती महाविद्यालय” की स्थापना की जा रही है, जिसमें देशभर की क्षत्रिय समाज की बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। यह कदम महिला शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर श्योराज सिंह ने कहा कि चाहे हम कहीं भी रहें, अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने महानगरों में बसे समाज बंधुओं से भी अपने मूल्यों से जुड़ाव बनाए रखने का आह्वान किया।

राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष कुंवर जगेन्द्र सिंह ने केन्द्र सरकार से भी राज्य की तर्ज पर ई.डब्ल्यू.एस. (EWS) आरक्षण का सरलीकरण करने और शासन-प्रशासन में क्षत्रिय समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, प्रदेश संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह भौनावास ने भी समाज के संगठन और भूमिका पर अपने विचार रखे।

जिलाध्यक्ष संजय सिंह नारेहड़ा ने समाज के समग्र हित में संगठित होने की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि भले ही व्यक्ति किसी भी संगठन में कार्यरत हो, लेकिन समय की मांग है कि सब एक झंडे के नीचे एकजुट हों। सताईसा अध्यक्ष दशरथ सिंह और तंवरावाटी क्षेत्र के अध्यक्ष पूर्व प्रधान विक्रम सिंह ने भी समाज में एकता और जागरूकता का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह नारेहड़ा और एडवोकेट रविन्द्र सिंह राजनौता ने संयुक्त रूप से किया। अंत में आभार प्रदर्शन भी एड. राजनौता द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद धूड़ सिंह शेखावत, धर्मसिंह भैंसलाना, बिल्लू राजपूत पावटा, अजय सिंह कुजोता, सूबे सिंह द्वारिकपुरा, करतार सिंह गुढ़ा, नरपत सिंह ललाना समेत अनेक गणमान्य समाजजन उपस्थित रहे। सम्मेलन ने समाज में नई ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।

REPORT-SEETARAM GUPTA