टोंक के कस्बा अलीगढ़ में श्री विक्रम कुमावत जे.टी.ए (जूनियर टेक्नीकल असिस्टेन्ट) संविदाकर्मी, पंचायत समिति अलीगढ़ को 15000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया

दिनाक 07.10.2025 को ए.सी.बी. मुख्यालय जयपुर, के निर्देश पर ए.सी.बी. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टोंक इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये आरोपी विक्रम कुमावत, निवासी ग्राम गांबडी पुलिस थाना नीम का थाना जिला सीकर, हाल जे.टी.ए (जूनियर टेक्नीकल असिस्टेन्ट) संविदाकर्मी पंचायत समिति अलीगढ़ जिला टोक को 15000 रूपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी की टोंक इकाई को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के पिताजी को नाम महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत वर्ष 2022-2023 में खेत पर मेंढबन्दी, तालाब की पाल मि‌ट्टी बालना, बागवानी, पशु आश्रय निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत हुआ था। जिसमे से कुछ कार्य हो चुका है तथा कुछ कार्य शेष है। दिनांक 16.09.2026 से दिनांक 30.09.2025 तक हुये कार्य की गस्टरोल भरी जा चुकी थी. लेकिन आरोपी विक्रम कुमावत जे.टी.ए (जूनियर टेक्नीकल असिस्टेन्ट) संविदाकर्मी पंचायत समिति अलीगढ़ जिला टोक द्वारा माप पुस्तिका (एम.बी.) भरने की एवज में 18000 रूपये की रिश्वत राशि मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा था। दिनांक 03:10:2025 को दौराने सत्यापन आरोपी द्वारा 18000 रूपये रिश्वत राशि की मांग कर परिवादी द्वारा कम करने की कहने पर, 15000 रुपये रिश्वत की मांग की जाकर रिश्वत राशि देने पर परिवादी का काम करने हेतु कहां।

जिस पर एसीबी के श्री महावीर सिंह राणावत उप महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज अजमेर के सुपरवीजन में टी.एल.ओ. झाबर मल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टोंक ने ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी विक्रम कुमावत हाल जे.टी.ए (जूनियर टेक्नीकल असिस्टेन्ट) संविदाकर्मी ने आज दिनांक 07.10.2025 को परिवादी से 15000 रूपये रिश्वत राशि प्राप्त कर परिवादी को खर्च हेतु 500 रूपये रिश्वत राशि में से लौटाये गये। आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा ।