सांगानेर सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट गैंग का खुलासा


जयपुर। पुलिस थाना सांगानेर सदर ने रास्ता पूछने के बहाने मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को बापर्दा गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरूद्ध किया गया है। पुलिस ने लूट की राशि, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) जयपुर श्री राजर्षि राज वर्मा, आईपीएस ने बताया कि दिनांक 23 दिसंबर 2025 की रात शिकारपुरा क्षेत्र में परिवादी लक्ष्मण सिंह के साथ पांच आरोपियों ने रास्ता पूछने के बहाने जबरदस्ती कार में बैठाकर मारपीट की। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मोबाइल छीना, फोन-पे के माध्यम से खाते से पैसे ट्रांसफर कराए और वीडियो कॉल कर परिवादी की पत्नी से भी पैसे मंगवाए। इसके बाद गंभीर मारपीट कर उसे छोड़ दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चाकसु के मार्गदर्शन में थानाधिकारी सांगानेर सदर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, बैंक व कॉल डिटेल के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में धारासिंह चौधरी, संदीप चौधरी, अरविंद चौधरी उर्फ बिट्टू और योगेश चौधरी उर्फ शक्ति शामिल हैं। इनमें संदीप और अरविंद सगे भाई हैं। एक नाबालिग बालक को भी निरूद्ध किया गया है।
पुलिस द्वारा आगे की जांच एवं शिनाख्तगी के बाद अन्य बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।