नीमराना (रमेशचंद्र)

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहांपुर पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 49.777 किलो अफीम डोडा-चूरा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये है। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना शालिनी राज के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक नीमराना सचिन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घिलोठ स्थित श्री श्याम ट्रांसपोर्ट ऑफिस पर दबिश दी। तलाशी के दौरान अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडा-चूरा बरामद हुआ और आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया ।पुलिस ने आरोपी सचिन कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। यह कार्रवाई जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की मुहिम का हिस्सा है।





