जयपुर

जयपुर। थाना श्याम नगर पुलिस ने घरों से साइकिल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की 05 साइकिलें बरामद की हैं। आरोपी महंगी साइकिलें चोरी कर मात्र 2 से 3 हजार रुपये में ओ.एल.एक्स पर बेच देता था और उस पैसे से मौज-मस्ती करता था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि परिवादी राजेश जोशी निवासी संतोष नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 सितंबर को उसके घर से अज्ञात व्यक्ति उसकी साइकिल चोरी कर ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन व एसीपी सोडाला योगेश चौधरी के सुपरविजन में थाना प्रभारी श्याम नगर दलबीर सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर आधुनिक तकनीकी और पारंपरिक पुलिसिंग का उपयोग करते हुए आरोपी विश्वेंद्र सिंह (उम्र 21 वर्ष, निवासी गोकुलपुरा, थाना करधनी) को गिरफ्तार किया।
साइकिल चोर की गिरफ्तारी में पुलिसकर्मी पवन कुमार व मनोज कुमार का विशेष योगदान रहा। आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।