MARUDHARHIND NEWS

जयपुर में स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 17 लाख रुपये की स्मैक बरामद

जयपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 85 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई सी.एस.टी. पुलिस आयुक्तालय, जयपुर द्वारा पुलिस थाना अशोक नगर (जयपुर दक्षिण) क्षेत्र में की गई। पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल के मार्गदर्शन, विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) श्री राहुल प्रकाश के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त अपराध श्री अभिजीत सिंह के निकट सुपरविजन में सीएसटी टीम ने यह सफल कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ गुप्त सूचनाएं एकत्र कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अपराधियों को चिन्हित किया गया। पुख्ता सूचना मिलने के बाद सीएसटी टीम ने पुलिस थाना अशोक नगर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए भोजपुरा कच्ची बस्ती, अशोक नगर क्षेत्र में एक संदिग्ध को चेक किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
इस संबंध में पुलिस थाना अशोक नगर जयपुर दक्षिण में प्रकरण संख्या 18/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, 1985 एवं धारा 111(2)(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि कुशवाह पुत्र रायसिंह, उम्र 23 वर्ष, जाति कुशवाह है। आरोपी मूल रूप से गांव निवसाई, तहसील व थाना रोन, जिला भिण्ड (मध्यप्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में भोजपुरा कच्ची बस्ती, अशोक नगर, जयपुर में रह रहा था।
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।