मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड क्षेत्र के माजरी कलां कस्बे में रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन एवं डॉक्टर निवास भवन का शिलान्यास किया गया। यह भवन 4.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव रहे, जबकि अध्यक्षता बहरोड़ विधायक जसवंत यादव ने की। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर जल्द ही पूरा होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं अतिथियों का स्वागत सरपंच बीना यादव और चिकित्सा अधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर नीमराना उपखंड अधिकारी महेंद्र सिंह यादव, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश यादव, डॉ. अंजलि यादव, समाजसेवी इंदर यादव, नीमराना के पूर्व प्रधान बलवान यादव, जिला पार्षद वेद प्रकाश खबरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
माजरी कलां में हुए इस शिलान्यास से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद की जा रही है।






