थाना बजाज नगर इलाके में 24 सितंबर 2025 की रात हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जयपुर

गिरफ्तार अपराधी की पहचान भरत लाल उर्फ भरत सिंह मीणा (उम्र 35 वर्ष) निवासी जिला करौली के रूप में हुई है। आरोपी ने रंजिश के चलते मकान मालिक के गार्ड पर देशी कट्टे से फायरिंग की थी। घटना के बाद से पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। कई स्थानों पर दबिश देने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) श्री संजीव नैन IPS ने बताया कि आरोपी पहले भी वर्ष 2023 में इसी मकान में अपनी पत्नी के साथ चौकीदारी करता था। मकान मालिक के बाहर जाने पर आरोपी व उसकी पत्नी ने वहां चोरी की थी और उसी मामले में पहले गिरफ्तार भी हो चुका था। उसी रंजिश के चलते आरोपी ने मकान मालिक दिनेश गुप्ता को 6 दिन पहले जान से मारने की धमकी दी थी।

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने 11,800 रुपये में देशी कट्टा और कारतूस खरीदे थे और वारदात से पहले मकान मालिक को धमकी भरे फोन भी किए थे। 24 सितंबर की रात आरोपी ने गार्ड रूम पर फायर कर दिया और पकड़े जाने के डर से मौके से भाग गया।

गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर पीसी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस वारदात में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल बरामद करने में जुटी है।

पुलिस टीम
इस कार्रवाई में पुलिस थाना बजाज नगर जयपुर पूर्व की टीम – थानाधिकारी पूनम चौधरी, रामवतार, भरतलाल, धर्मसिंह, हरिओम तथा जिला स्पेशल टीम के सदस्य बन्नालाल, तुलसीराम, राजेश, डारूराम और नीरज ने अहम भूमिका निभाई।