पर्यटन पुलिस की कार्रवाई, 04 अवैध गाइड गिरफ्तार

जयपुर

जयपुर, 4 अक्टूबर।
देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुगम पर्यटन व्यवस्था के लिए जयपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पर्यटन थाना आयुक्तालय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 04 अवैध गाइड (लपकों) को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई छोटी चौपड़, हवामहल के सामने, जलमहल और रामगढ़ मोड़ इलाके में की गई। पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर देशी-विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद है। आगामी नवरात्रा और दीपावली जैसे त्योहारों पर बड़ी संख्या में सैलानी जयपुर आने वाले हैं। ऐसे में पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अवैध गाइड्स के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस टीम ने डिकॉय ऑपरेशन के जरिए इन लपकों को पकड़ा। सभी आरोपियों पर राजस्थान पर्यटन व्यवसाय (सुव्यवस्था और विनियमन) अधिनियम 2010 (संशोधन 2021) के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में फरमान (34), अमन (25), सैफ अली (27) और दीपक सोनी (23) शामिल हैं। सभी जयपुर और आसपास के इलाके के रहने वाले हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक इस अभियान के तहत कुल 12 अवैध गाइड पकड़े जा चुके हैं। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक हरिओम सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिसकर्मी भवानी सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, विश्राम सिंह, आंची और पूजा शामिल थे।

पुलिस ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुगम पर्यटन व्यवस्था के लिए अवैध गाइडों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।