टोयोटा ने सुमिरिको ऑटोपार्ट्स को बनाया मॉडल क्वालिटी सप्लायर, नॉर्थ इंडिया सप्लायर्स वर्कशॉप का आयोजन

मरुधर हिंदन्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना के रिको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सुमिरिको ऑटोपार्ट्स इंडिया प्रा.लि. में टोयोटा कंपनी की ओर से मॉडल क्वालिटी सप्लायर डेवलपमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में टोयोटा ने सुमिरिको को नॉर्थ इंडिया में एक मॉडल क्वालिटी सप्लायर कंपनी घोषित किया।

पिछले सात माह से टोयोटा कंपनी द्वारा सुमिरिको में निरंतर क्वालिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट चलाया जा रहा था, जिसके परिणामस्वरूप कंपनी ने अपने उत्पादन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया है। इस उपलब्धि को देखते हुए टोयोटा ने सुमिरिको को मॉडल क्वालिटी सप्लायर का दर्जा दिया।

वर्कशॉप के दौरान नॉर्थ इंडिया की सभी प्रमुख टोयोटा सप्लायर्स कंपनियों को आमंत्रित किया गया, जहां सुमिरिको की क्वालिटी सुधार प्रक्रिया और सफलताएं विस्तार से साझा की गईं। टोयोटा अधिकारियों ने सुमिरिको टीम की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी ने गुणवत्तापूर्ण ऑटो पार्ट्स निर्माण में एक नया मानक स्थापित किया है। कार्यक्रम में टोयोटा कंपनी की ओर से निर्देशक बी. पद्मनाभ और महाप्रबंधक केन्सुके अजुमा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सुमिरिको ऑटोपार्ट्स की ओर से प्रबंध निदेशक तोशियाकी मात्सुबारा, प्लांट हेड राम नरेश, एचआर हेड पवन यादव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।